उत्तराखंड

सीएम आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया लोकपर्व इगास, मुख्यमंत्री धामी ने भैलो खेलकर निभाई लोक परंपरा

उत्तराखंड:  लोकपर्व इगास बग्वाल का प्रदेश भर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इसी क्रम में इगास पर्व की पूर्व संध्या पर यानी 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. जहां पर उत्तराखंड के गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी के लोक परंपराओं का रंग देखने को मिला. इस मौके पर सीएम धामी भैलो खेला.

दीपावली के 11वें दिन इगास मनाई जाती है. इगास पर उत्तराखंड के लोक पर्वों में से एक है जिस दिन उत्तराखंड संस्कृति का समागम देखने को मिलता है. इगास की खास बात यह है कि ये लोक परंपराओं का सम्मान करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से रूबरू कराने का जरिया है. ऐसे में मुख्यमंत्री आवास में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इगास पर्व में गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी संस्कृति का समागम देखने को मिला. इसी दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा, सुबोध उनियाल समेत तमाम नेता मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व/बूढ़ी दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दी. सीएम ने कहा हमारी लोक संस्कृति और परम्परा देवभूमि की पहचान है. उन्होंने कहा किसी भी राज्य की लोक संस्कृति एवं लोक परम्परा उस राज्य की आत्मा होती है. इसमें इगास का पर्व भी शामिल है. हमारे लोक पर्व और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सामाजिक जीवन में जीवंतता प्रदान करने का काम करते हैं. जिस तरह से पूरे देश में सांस्कृतिक विरासत और गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है, उसी तरह उत्तराखंडवासी अपने लोकपर्व इगास को आज बडे़ उत्साह से मना रहे हैं.

साथ ही सीएम ने कहा हमारे लोग इगास पर अपनी परम्पराओं के साथ अपने पैतृक गांवों से भी जुड़े. इसके लिये राज्य में इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परम्परा शुरू की गई है. हमारी युवा पीढ़ी अपनी लोक संस्कृति एवं लोक पर्वों से जुड़े इसके भी प्रयास होने चाहिए. मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डवासियों से भी अनुरोध किया कि वे भी अपने लोक पर्व को अपने गांव में मनाने का प्रयास करें. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की भी कामना की है.

ईटीवी भारत से खास बातचीत करते हुए संस्कृति विकास परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने कहा संस्कृति विभाग की ओर से मुख्यमंत्री आवास में इगास पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. ये हमारी पौराणिक संस्कृति है. वनवास के बाद जब भगवान राम अयोध्या वापिस आये थे. उसकी सूचना 11 दिन बाद मिली थी. यही वजह है कि दीपावली के 11 दिन बाद इगास का आयोजन किया जाता है. इगास पर्व का आयोजन सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष के अलग-अलग क्षेत्रों में मनाते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button