उत्तराखंड में 8 घंटे में दो बड़े सड़क हादसे, टिहरी और रुद्रप्रयाग में 13 लोगों की गई जान, 31 घायल, राष्ट्रपति-पीएम ने जताया दुख

उत्तराखंड: बीती रात से लेकर मंगलवार सुबह तक दो बड़े सड़क हादसे हो गए. इन हादसों में 13 लोगों की जान चली गई है. 31 लोग घायल हुए हैं. ये हादसे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि और टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर में हुए हैं. अगस्त्यमुनि में बारात की जीप हादसे का शिकार हुई. गूलर में यात्री बस नदी में गिरी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी के साथ सीएम धामी ने भी हादसे पर दुख जताया है.
पहला हादसा सोमवार रात 9 बजे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के क्यूंजा घाटी में हुआ. पोखरी से शादी संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि दुर्घटनास्थल पर ही 4 लोगों की जान चली गई. 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में भी चार लोगो की हालत बेहद गंभीर है. इन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल भेजा गया है.
Deeply disturbed to learn about the loss of lives due to a mishap in Tehri Garhwal district of Uttarakhand. I extend my deepest condolences to the bereaved families in this hour of grief. Praying for the speedy recovery of the injured: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 17, 2026
अभी लोग अगस्त्यमुनि वाले हादसे के दुख से उबरे भी नहीं थे कि मंगलवार सुबह 5.30 बजे एक और दुखद हादसे की खबर आ गई. ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की तरफ गूलर के पास यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हरिद्वार से जोशीमठ के लिए जा रही ये बस गूलर के पास पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी. पुलिस के अनुसार बस में 34 लोग सवार थे. हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई. मुनि की रेती थानाक्षेत्र में हुए हादसे की खबर मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. इसके साथ ही गुलर, शिवपुरी और व्यासी चौकी से भी टीमें रेस्क्यू के लिए पहुंच गईं. एसडीआरएफ और फायर सर्विस ने तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू किया. बस बुरी तरह पिचक चुकी थी. अभी तक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई है. 25 लोग घायल हैं.
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र तथा टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति गहरी…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 17, 2026
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल रेस्क्यू कार्य पूर्ण हो चुका है. घायलों में 18 लोग एम्स और 7 लोग राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराए गए हैं. पुलिस ने बताया है कि बस का मालिक ऋषिकेश के श्यामपुर का रहने वाला है. कुछ दिन पहले ही उसने नई बस ली थी.
टिहरी में हुए दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है.




