उत्तराखंड

2027 में हैट्रिक मिशन पर बीजेपी का फोकस, सांसद-विधायकों के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बड़ी बैठक

उत्तराखंड: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विधायकों और सांसदों के साथ चली कई घंटे लंबी बैठक खत्म हो गई है. बैठक में न सिर्फ पार्टी से जुड़े मुद्दों पर बात हुई, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी हैट्रिक कैसे लगाएगी, उस रणनीति पर भी चर्चा हुई.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायकों और सांसदों को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने के निर्देश दिए गए. बता दें कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आए है. कल पहले दिन जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ प्रभारियों के साथ बैठक की थी. वहीं आज 29 मई को उन्होंने विधायकों और सांसदों के साथ लंबी बैठक की.

देहरादून के निजी होटल में सुबह से ही विधायकों और सांसदों के साथ बैठकों का दौर जारी था. सबसे पहली बैठक प्रदेश के विधायकों और सांसदों के साथ हुई. इस बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता के बीच सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी विधायकों और सांसदों को स्पष्ट संदेश दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी तैयारी शुरू कर दी जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत बूथ स्तर का संगठन है और इसी बूथ संरचना को और मजबूत करना आगामी चुनावों में जीत की कुंजी साबित होगा. इसके लिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए.

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी विधायकों और सांसदों को अपने-अपने विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों से 100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इन बुद्धिजीवियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है.

महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में उन विधानसभा सीटों पर विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे इन सीटों पर विशेष फोकस करें और वहां संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाएं.

साथ ही स्थानीय स्तर पर जनता के मुद्दों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर भी गंभीरता से काम करने को कहा गया है. बैठक में बूथ मैनेजमेंट को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत संपर्क भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है. इसी को ध्यान में रखते हुए बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने, नियमित बैठकें करने और लाभार्थियों तक सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके साथ ही विधायकों और सांसदों को गांवों में प्रवास करने और जनता के बीच लगातार मौजूद रहने के निर्देश भी दिए गए. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जनता के बीच सीधा संवाद और समस्याओं का मौके पर समाधान संगठन के प्रति विश्वास को मजबूत करेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button