उत्तराखंड

केंद्र से चारधाम यात्रा के लिए 100 फीसदी LPG आपूर्ति देने का आग्रह, मंत्री हरदीप पुरी से मिले सीएम धामी

दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की. सीएम की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई. जहां सीएम धामी ने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाजन्य संवेदनशीलता के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की.

मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पहले की तरह 100 प्रतिशत बनाए रखने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि राज्य में अप्रैल से नवंबर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में बड़ी वृद्धि होती है. इस समयसीमा में राज्य को लगभग 9 लाख67 हजार 949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, जून से सितंबर के बीच मॉनसून अवधि में राज्य को हर साल प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है. पर्वतीय भू-भाग और दुर्गम परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में एलपीजी गैस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है. इस परिप्रेक्ष्य में उन्होंने व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत (लगभग 48 हजार 397 सिलेंडर) आवंटन सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके.

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है. चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है.

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री धामी द्वारा पेश किए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. साथ ही राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया.

गौर है कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है. हर दिन करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर रहे हैं. रविवार 26 अप्रैल को 59 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की. अभी तक 2 लाख 97 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा संपन्न कर ली है.

उधर, सीएम धामी ने दिल्ली दौरे के दौरान उत्तराखंड निवास में प्रसिद्ध अभिनेत्री व मथुरा लोकसभा सीट से सांसद हेमा मालिनी से भी मुलाकात की. इस दौरान सीएम धामी ने उन्हें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किया. सीएम धामी ने इसकी जानकारी खुद ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए दी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button