उत्तराखंड

राज्य स्थापना दिवस आज, सीएम धामी का शहीदों को नमन, PM मोदी बोले- ‘विश्व की आध्यात्मिक राजधानी’ बनेगा उत्तराखंड

उत्तराखंड: स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं. इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचे. जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी है.

उत्तर प्रदेश से अलग एक पर्वतीय राज्य उत्तराखंड बनाने में प्रदेश के आंदोलनकारी की एक बड़ी भूमिका रही है. क्योंकि एक लंबे संघर्ष के बाद और करीब 40 से अधिक आंदोलनकारी के बलिदानों के बाद एक पृथक उत्तराखंड राज्य मिला. यही वजह है कि हर साल स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शहीद स्थल पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हैं. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शहीद स्थल पहुंचे जहां उन्होंने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया. हालांकि, इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने तमाम मांग पत्रों को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखंड के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री ने अपने विस्तृत संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है.पीएम ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया.

मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है. पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखंड को देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है. बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल से लेकर गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश तक प्रदेश के पवित्र स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़े हैं. उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के अनेक क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है.

केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है. प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button