उत्तराखंड

मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को मिला गैर जमानती वारंट, तेज हुई तलाश

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद के मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को आरोपित के खिलाफ कई अहम साक्ष्य मिले हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अब गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है. ऐसे में उन पर गिरफ्तारी का कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी है. जांच के दौरान मिले अहम साक्ष्यों को आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वहीं, गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है.

बताया जा रहा है कि गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाए. गैर जमानती वारंट जारी होने और एसआईटी को मिले नए साक्ष्यों के बाद इस मामले में गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है. इस रिकॉर्डिंग में उनके पति किसी अन्य महिला के साथ मिलकर उनकी और उनके बच्चों की हत्या की साजिश रच रहे हैं. मंत्री ने अपनी शिकायत में दावा किया कि, गिरधारी लाल साहू ने साल 2004 में खुद को अविवाहित बताकर उनसे शादी की थी, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे.

रेखा आर्या द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में पति गिरधारी लाल साहू पर मारपीट करने, मानसिक उत्पीड़न करने, कंपनियों के निदेशक पद से फर्जी हस्ताक्षर करके धोखाधड़ी से हटाने और जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल करने के भी आरोप लगाए गए हैं.

मंत्री रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो साझा किया था और कहा कि वह साल 2022 से 2026 तक इस उत्पीड़न को सहती रहीं. जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तो उन्हें कानूनी कदम उठाना पड़ा.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया. गिरधारी का दावा है कि उनकी शादी को 22 साल हो चुके हैं. उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा आर्या के मंत्री बनने के बाद लगभग 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की गई है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button