देहरादून में चलती कार बनी आग का गोला, लोगों में मची अफरा तफरी

थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के अंतर्गत सहारनपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने बीती शाम एक चलती कार में अचानक आग लग गई. कार में आग लगने से आसपास अफरा तफरी मच गई.आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई. गनीमत रही कि चालक और उसके साथ मौजूद तीनों युवक समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सड़क पर कार में आग लगने से ट्रैफिक जाम हो गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.
गौर हो कि घटना के बाद कार सवार व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस ओर फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया. साथ ही पुलिस ने कार को सड़क से साइड पर करके यातायात सुचारू किया गया. जानकारी के अनुसार बुधवार शाम थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस को करीब 7 बजे सूचना मिली कि सहारनपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने एक कार में आग लगी हुई है. सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची.दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
इस दौरान सड़क पर जाम लग गया.जिसके बाद जली हुई कार को सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारू कराया गया.पुलिस द्वारा जानकारी करने पर कार चालक अनस निवासी श्रीदेव सुमन नगर, बल्लूपुर रोड, थाना कैंट, देहरादून ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों अमन, शादाब और आफताब के साथ बल्लूपुर से ट्रांसपोर्ट नगर कार बेचने जा रहा था. महिंद्रा शोरूम के सामने पहुंचते ही कार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. जिसके बाद वाहन में आग लग गई.
चारों लोग तुरंत कार से बाहर निकल आए, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई. थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके पर यातायात सामान्य कराया.




