उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, दो दिन के लिए रोकी गई चारधाम यात्रा, फ्लैश फ्लड का खतरा

उत्तराखंड में भारी बारिश हो रही है. राज्य में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. प्रदेश भर में हो रही भारी बारिश से चलते तमाम सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से सड़क मार्ग बाधित हो गया है. इसको देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर ने आज और कल के लिए चारधाम यात्रा को स्थगित कर दिया है. मौसम अनुकूल होने पर यात्रा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा.
दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में 28 और 29 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही आईएमडी ने कई जिलों में फ्लैश फ्लड का भी अलर्ट जारी कर नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रदेश भर में बीते रात से ही भारी बारिश का सिलसिला जारी है. ऐसे में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 28 और 29 जुलाई को चारधाम यात्रा को स्थगित कर दिया है. इसके पीछे की मुख्य वजह यही है कि चारधाम यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने की वजह से सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं.
उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला प्रशासनों को पूरी सतर्कता के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. आईएमडी के अनुसार 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. इन जनपदों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौर भी पड़ सकते हैं. वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा और तीव्र वर्षा के दौर की संभावना बनी हुई है.
इसी तरह, 29 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है. इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल में आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की भी संभावना जताई गई है. बाकी जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी.



