उत्तराखंड

नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा: लखनऊ के छह पर्यटकों की टवेरा 40 मीटर गहरी खाई में गिरी

नैनीताल की खूबसूरत वादियों की सैर कर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों का सफर उस समय भयावह हादसे में बदल गया, जब उनकी टवेरा कार ज्योलीकोट के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में सवार पर्यटकों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में वाहन चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। बृहस्पतिवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे पहुंचते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही उसमें सवार सभी लोग दहशत में आ गए और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button