उत्तराखंड में सी-प्लेन का ऐतिहासिक परीक्षण
पशुलोक बैराज पर स्काईहॉप का सफल लैंडिंग-टेकऑफ, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

ऋषिकेश, — यूजेवीएन लिमिटेड के ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज (गंगा बैराज) में सोमवार को स्काईहॉप (SkyHop) के सी-प्लेन द्वारा सफलतापूर्वक लैंडिंग एवं टेकऑफ का परीक्षण किया गया। यह उत्तराखंड में जल-आधारित हवाई सेवा का पहला सफल प्रयोग है, जो राज्य में पर्यटन, दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और आपदा प्रबंधन की संभावनाओं को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा, “सी-प्लेन सेवा प्रारंभ होने से उत्तराखंड में पर्यटन को नई गति मिलेगी। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब गंगा के किनारे स्थित खूबसूरत स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। यह पहल विशेष रूप से उन दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जहां सड़क मार्ग सीमित हैं।”
अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह परीक्षण राज्य के मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) के निर्देशानुसार किया गया। जलाशय में गतिविधि की अनुमति प्रदान की गई थी और परीक्षण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया से विद्युत उत्पादन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।
प्रबंध निदेशक ने आगे कहा, “सी-प्लेन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आपातकालीन स्थितियों में त्वरित पहुंच के लिए यह सेवा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।”
इस दौरान अजय कुमार सिंह ने पशुलोक बैराज की पूरी टीम की सराहना की और कहा कि टीम ने समर्पण, दक्षता और बेहतरीन समन्वय के साथ इस परीक्षण को सफल बनाया।
उल्लेखनीय है कि स्काईहॉप का यह सी-प्लेन परीक्षण अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। इसके परिणामों के आधार पर भविष्य में गंगा और अन्य जलाशयों पर नियमित सी-प्लेन संचालन की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।
यह पहल उत्तराखंड को भारत के उभरते जल-आधारित हवाई परिवहन नेटवर्क का हिस्सा बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।




