अपराधउत्तराखंड

देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाशों ने मारी गोली

देहरादून के राजपुर इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, दो वाहनों में यात्रा कर रहे लोगों के बीच हुई बहस के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक गोली ब्रिगेडियर को लग गई और उनकी मौत हो गई।

मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, दो वाहनों में सवार लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद गोलीबारी होने लगी। ब्रिगेडियर उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी एक गोली उन्हें लगी और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच जारी है।

देहरादून एसपी प्रमोद कुमार ने बताया, “आज सुबह करीब 7 बजे राजपुर पुलिस स्टेशन को जौहरी गांव में दो वाहनों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद की सूचना मिली। सूचना मिली कि एक वाहन में सवार लोग आगे चल रहे वाहन पर गोलियां चला रहे थे। गोलीबारी के दौरान, सुबह की सैर के लिए निकले एक व्यक्ति को गोली लग गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अब पुष्टि हो गई है कि इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में घेराबंदी कर दी है। वाहन का पता लगाने और इसमें शामिल व्यक्तियों को पकड़ने के लिए गहन तलाशी अभियान जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी।”

रिटायर्ड ब्रिगेडियर की उम्र करीब 70 साल थी और वह रोज की तरह सुबह की सैर पर निकले थे लेकिन तभी एक गोली उन्हें लगी और उनकी मौत हो गई। कहा जा रहा है कि उनका किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए और उनकी तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button