धाकड़ ही नहीं धुरंधर भी हैं सीएम धामी, हल्द्वानी में बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल जनपद के दौरे पर हैं. राजनाथ सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज के कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड पहुंचे. यहां सीएम धामी ने हल्द्वानी में उनका भव्य स्वागत किया.
हैलीपैड पर स्वागत करते हुए सीएम धामी और राजनाथ सिंह की कैमिस्ट्री देखने को मिली. सीएम धामी ने हेलीपैड पर राजनाथ सिंह को उत्तराखंडी टोपी पहनाई. इसके बाद सीएम धामी ने गुलदस्ता देकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया. राजनाथ सिंह ने भी सीएम धामी को आशीष देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी.कार्यक्रम स्थल पहुंचने से लेकर मंच तक राजनाथ सिंह और सीएम धामी एक दूसरे का साथ देते नजर आये. मंच पर सीएम धामी राजनाथ सिंह के बगल में खड़े दिखे.
बता दें सीएम धामी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दोनों एक दूसरे के करीबी हैं. राजनाथ सिंह ने ही सीएम धामी को धाकड़ धामी की उपाधि दी थी. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कई बार मंचों से सीएम धामी की खुलकर तारीफ करते हैं. सीएम धामी भी राजनाथ सिंह को अभिभावक मानते हैं. ये ही कारण है कि अपनी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया.




