संविधान एवं विधि दिवस पर सीएम धामी की बड़ी सौगात, अभियोजन विभाग के लिए की तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने नए आपराधिक कानूनों की प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. साथ ही आमजन को इन कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे.
सीएम धामी ने अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की. इसके अलावा प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा. इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और राज्य की अभियोजन व्यवस्था और सुदृढ़ होगी.
अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने, अभियोजन अधिकारियों के प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक के उपयोग, मामलों की डिजिटल निगरानी तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही, न्यायालयों में प्रभावी पैरवी, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन एवं उनके सशक्त… pic.twitter.com/K9pqYqrrh6
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 26, 2026
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद किया. सीएम ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को भी सम्मानित किया. साथ ही सीएम ने उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका और हमारा राज्य, हमारा कानून का विमोचन किया.
सीएम ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है. अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करें, तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करें. पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मजबूत पक्ष रखें.
उन्होंने कहा नए आपराधिक कानूनों के लागू होने से अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों तथा वर्चुअल सुनवाई की सुविधाओं का विस्तार कर रही है.
सीएम धामी ने प्रदेश में कानून के शासन और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कानून तभी प्रभावी होता है, जब उसका पालन बिना भेदभाव हो और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. उन्होंने अभियोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया.




