अपराधउत्तराखंड

कर्मचारियों ने कुल सचिव को जमीन पर गिराकर पीटा, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की घटना

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर शनिवार सुबह कुलसचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुलपति कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की. आरोप है कि कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटा गया. घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा हो गया.

घटना की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं और घायल कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं. अभी इस मामले में उनका मेडिकल कराया जा रहा है. वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल कराने के लिए पहुंचे हैं.

बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. इसके बाद शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए थे. करीब 15 दिनों से चल रहा आंदोलन बीती शुक्रवार रात आपसी समझौते के बाद समाप्त हुआ था.

हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर कर्मचारियों और कुल सचिव के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और मारपीट हो गई. फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

वहीं, कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है. किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. मामले की जांच की जा रही है. पूछताछ के बाद मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button