उत्तराखंड

दीक्षारंभ सत्र 2026-27 में पहुंचे सीएम धामी, दून विश्वविद्यालय के लिए दो ई-बसों का ऐलान

उत्तराखंड: दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुये. सीएम धामी ने विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जाएगी. इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को और बेहतर किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय में 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन एवं 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया. साथ ही, दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा ये संस्थागत सुविधाएं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति देने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.

मुख्यमंत्री ने इस दौरान घोषणा किया दून विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा. इसके अलावा, दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम के संचालन के लिये कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के 2 पद भी सृजित किये जायेंगे. दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए 2 इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जायेगी. दून विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा विभागों को बेहतर किया जायेगा. जिससे वे राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने और राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो सके.

विदेशी भाषाओं स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाईनीज एवं जापानी भाषा विभागों के लिये जरूरी पदों का भी सृजन किया जायेगा. सीएम ने कहा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है. जिस देश का युवा सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और कठिन परिश्रम करने की क्षमता रखता है, उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता. भारत की विशाल युवा आबादी विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसी महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा आज का युग नवाचार का है. राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है. वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है.

राज्य सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही शिक्षा और शोध की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रही है. प्रदेश में नए महाविद्यालयों और मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब एवं परीक्षा भवन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्तियों के जरिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के जरिए प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का शोध अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है. उत्कृष्ट शोध कामों को प्रोत्साहित किया जा रहा है.

सीएम ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है. UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button