चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर, निर्माण कार्य अधूरे

चारधाम यात्रा की शुरुआत होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन यमुनोत्री धाम में व्यवस्थाएं अभी तक अधूरी नजर आ रही हैं. यात्रियों के लिए सुरक्षित स्नान घाटों का निर्माण नहीं हो सका है और कई घाट अभी भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़े हैं. यमुना नदी के तट पर आने-जाने के लिए सुरक्षित रास्ते भी नहीं बन पाए हैं. तीर्थपुरोहितों ने इस संबंध में सीएम को ज्ञापन प्रेषित कर जल्द ही यमुनोत्री धाम में सुरक्षात्मक कार्य करवाने की मांग की.
यमुनोत्री धाम में विगत वर्ष आपदा के कारण भारी नुकसान हुआ था. आपदा से यमुनोत्री धाम में स्नान घाट, पुजारी निवास, रसोई भण्डार, शौचालय और घाट के पुल आदि बह गये थे. यमुनोत्री धाम में सुरक्षा की दृष्टि से यमुना घाट पर नदी के दोनों ओर सुरक्षा दीवार तक नहीं लग पाई है. यमुना नदी के तट पर आने-जाने के लिए सुरक्षित रास्तों का निर्माण नहीं हो सका है. जिससे इस बार भी तीर्थयात्रियों को नदी के किनारे खतरनाक रास्तों से गुजरना पड़ेगा. तीर्थपुरोहितों के लिए यह चिंता का विषय बना हुआ है. वहीं वन विभाग ने जानकीचट्टी यमुनोत्री वैकल्पिक पैदल मार्ग पर काम शुरू जरूर किया था, लेकिन बारिश व बर्फबारी के चलते काम प्रभावित हो रहा है.
यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, तीर्थ पुरोहित मनमोहन उनियाल आदि ने आरोप लगाया कि इस बार मौसम अनुकूल रहने के बाद भी यमुनोत्री धाम की सुध नहीं ली गई. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द घाटों का पुनर्निर्माण और सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि चारधाम यात्रा में सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए. अधूरी व्यवस्थाओं के कारण हादसों का जोखिम बना है. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि यमुनोत्री धाम में यात्रा शुरू होने से पहले यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे.
चारधाम यात्रा 2026 का आगाज 19 अप्रैल से होगा.
गौर हो कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 का आगाज 19 अप्रैल से होगा. 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे. साथ ही प्रदेश में चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू हो गई है. इस बार चारधाम यात्रा में विगत वर्ष से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की अनुमान जताया जा रहा है. वहीं मंदिर समिति और प्रशासन यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है.




