अपराधउत्तराखंड

रुड़की में नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म, बताने पर दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

हरिद्वार जनपद में रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि एक युवक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और एक कैफे में उसके साथ दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद आरोपी नाबालिग को वहीं पर छोड़कर फरार हो गया. पीड़िता किसी तरह से घर पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, किशोरी की आपबीती सुनकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए, इसके बाद परिजन तत्काल पुलिस के पास पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी.

दरअसल, रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती 9 नवंबर को उनकी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी घर से बाहर गई थी. आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने नाबालिग को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत के मुताबिक आरोपी किशोरी को एक कैफे में ले गया, जहां पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है.

परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कहकर उसे डराने का प्रयास भी किया. हालांकि, नाबालिग ने घर पहुंचकर साहस दिखाते हुए परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जबकि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी हुई है. बताते चलें, नाबालिग के साथ हुई इस कथित वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button