
चिन्यालीसौड़। नगर पालिका सभागार में लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाना और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था। साथ ही एस बी आई से किसी भी प्रतिनिधि के सम्मिलित न होने पर अध्यक्ष द्वारा गहरी नाराजगी प्रकट की गई। मेले में बड़ेथी नागनी,चिन्यालीसौड़, पीपलमंडी ,सूलीथांग के व्यापारी फेरी व्यवसायियों, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें सिटी मिशन मैनेजर,विभिन्न बैंकर्स महिला एवं बाल विकास विभागों और बैंक प्रतिनिधियों ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिल सकता है, जब पात्र व्यक्तियों तक सही जानकारी समय पर पहुंचे।
मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को विशेष रूप से ऋण सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं, क्रेडिट कार्ड आवेदन और डिजिटल भुगतान प्रणाली के बारे में बताया गया।
इसके अतिरिक्त, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, श्रम योगी मानधन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों और दुकानदार व फेरी व्यवसायियों के बीच सीधा संवाद सत्र भी आयोजित हुआ। लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ उठाने में आने वाली कठिनाइयों के समाधान बताए।
पालिका के अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम व अधिशासी अधिकारी कुसुम राणा के अनुसार, ऐसे आयोजन न केवल लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हैं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को इन सुविधाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




