भिकियासैंण में भीषण हादसा, बेकाबू कार खाई में गिरने से तीन की मौत

भिकियासैंण में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद राहत बचाव कार्य शुरू कर शवों को खाई से निकाला गया।
घटना गुरुवार सुबह रापड़-गगोडा-चमडखान-सोनी रानीखेत मोटर मार्ग पर हुई। कार सवार लोग रानी खेत की तरफ जा रहे थे। तभी बेकाबू होकर खाई में गिरी कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा था।
SDRF टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. रेस्क्यू अभियान में SDRF प्रभारी महिपाल सिंह, कांस्टेबल हरीश पांडेय, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद तथा होमगार्ड रोहित शामिल रहे.
मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है. तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे, जो रात्रि में ग्राम चमोली पुसैला में जागर लगाकर वापस अपने घर जा रहे थे.




