हल्द्वानी में बढ़ी ठंडः 24 घंटे में चार डिग्री तक पहुंचा हल्द्वानी का पारा

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फिर से ठंड का असर रहा। हल्द्वानी, नैनीताल, मुक्तेश्वर जैसे स्थानों पर अपेक्षाकृत कम धूप निकली। मैदानी इलाकों में अधिकतम तो पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है। हल्द्वानी में 24 घंटे के अंदर चार डिग्री पारा गिर गया है।
हल्द्वानी में मंगलवार को ठंड से थोड़ी राहत मिलने के बाद बुधवार को फिर से कड़ाके की ठंड पड़ी। यहां दिन भर लोग धूप के लिए तरसते रहे।

साथ ही शीतलहर चलती रही। दोपहर बाद हल्का कोहरा भी छा गया। बाजार में भीड़ कम रही। सरकारी कार्यालयों में भी कम लोग पहुंचे। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखे। शाम के समय ठंड और भी बढ़ गई। ठंडी हवाओं के झोंके के चलते तापमान में और भी गिरावट दर्ज की गई। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान मंगलवार की अपेक्षा चार डिग्री कम रहा और यह 12.6 डिग्री दर्ज किया। यहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रहा।

इधर नैनीताल में एक दिन सामान्य रहने के बाद फिर बुधवार को सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम का मिजाज बदल गया जिसके चलते दोपहर के बाद पूरे आसमान में दोपहर के बाद घने बादलों ने डेरा जमा लिया। नगर में बीते एक पखवाड़े से मौसम के तेवर बदले-बदले ही नजर आ रहे हैं। बीच में लगातार चार दिन चटक धूप खिली रही उसके बाद फिर मौसम का मिजाज बदल गया। बदले मौसम का असर नगर के पर्यटन कारोबार पर भी पड़ रहा है। ठंड के चलते इन दिनों पर्यटकों की आमद भी कम होते जा रही है। राहत इस बात यह हो रही है कि शाम के वक्त इन दिनों पहाड़ियों से उठने वाले घने कोहरे के साथ ही रात में जमकर गिरने वाले पाले पर भी पूरी तरह से विराम लगा हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 12.5 तथा न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। झील का जलस्तर आधा इंच गिरने के बाद 9 फीट 3 इंच जा पहुंचा है। यहां मुक्तेश्वर में भी हल्की धूप खिली। हालांकि बीच-बीच में बादल छा रहे थे। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री रहा। कालाढूंगी में बर्फीली हवाओं ने गलन और ठंड को बढ़ा दिया। बुधवार को कोहरा पूरे दिन रहा। लोग घरों में दुबके रहे। दिनचर्या प्रभावित होने के साथ ही पूरे दिन बाजारों की चहल पहल गायब रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी रही।

लोग ठंड से बचने के लिए या तो रजाई में दुबके रहे या फिर अलाव तापते रहे। धुंध और कोहरे का असर यातायात पर भी दिखा। सड़क मार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। रोडवेज और निजी ऑपरेटर्स की बसें निर्धारित समय से काफी देरी से आकर गंतव्य को रवाना हुईं। भवाली में भी ठंड बढ़ गई है। बुधवार को पहाड़ी इलाकों सुबह हल्की धूप बनी रही लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। इससे शाम के समय ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ छा गया है। पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली आदि जिलों में बर्फबारी के आसार हैं। कम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी से एक बार फिर से कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button