उत्तराखंड

वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र विश्व बंधुत्व की भावना का प्रतीक : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने रविवार को हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित व्याख्यान माला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ में भाग लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा के साथ रविवार को गायत्री कुंज, हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित व्याख्यान माला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कई पुस्तकों का विमोचन किया, जिनमें पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखी ‘समस्याएं आज की, समाधान कल के’ और ‘मैं क्या हूं’ का वियतनामी भाषा में प्रकाशन, आयुर्वेद पर आधारित शोध पत्र, और सेंट्रल फॉर यज्ञ रिसर्च पर आधारित पुस्तक का विमोचन शामिल रहा।

मुख्यमंत्री धामी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने देव संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर स्थित महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की, तत्पश्चात उन्होंने शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिसर में पौधारोपण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने मां गायत्री के सिद्ध साधक, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी को नमन किया और कहा कि  उनके द्वारा रोपित बीज आज वटवृक्ष का आकार ले चुका है । उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का उत्तराखंड पधारने पर स्वागत किया और उनके मार्गदर्शन की महत्वपूर्णता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय के रूप में यह विश्व विख्यात शिक्षा केंद्र नैतिक मूल्यों पर आधारित रोजगारपरक शिक्षा देने का अनुपम कार्य कर रहा है। भविष्य में भी ये संस्थान युवाओं का इसी प्रकार उचित मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जी-20 की अध्यक्षता करना हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है। जी-20 की थीम भी ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है, जो मूल रूप से भारतीय संस्कृति द्वारा विश्व को दिए गए सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर आधारित है, जिसका अर्थ है ‘समस्त विश्व एक परिवार है’।

इस मौके पर धामी ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की भावना को हम सदियों से जीते आए हैं। जी-20 की थीम भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है। जी-20 का उद्देश्य विविधता का सम्मान करते हुए दुनिया को एक साथ लाना है।

इस समारोह के दौरान उपस्थित रहे व्यक्तित्वों में कुलाधिपति डॉ प्रणव पंड्या, प्रतिकुलपति चिन्मय पंड्या, भाजपा प्रदेश प्रभारी  दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद रेखा वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री  अजेय कुमार, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा आदि शामिल थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button