केदारनाथ और हेमकुंड साहिब तक रोपवे को मंजूरी
केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे निर्माण का रास्ता खुल गया है। दोनों तीर्थस्थलों तक रोप वे बनाने के लिए राष्ट्रीय वन्य जंतु बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद दोनों जगहों पर पर्वतमाला परियोजना के तहत रोप वे का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। प्रदेश के प्रमुख सचिव, वन एवं लोक निर्माण विभाग, आरके सुधांशु ने जानकारी दी कि, राष्ट्रीय वन्य जंतु बोर्ड ने केदारनाथ सेंचुरी एरिया के साथ ही हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को भी हरी झंडी दिखा दी है। इसके साथ ही रामबाड़ा से गरुड़चट्टी तक साढ़े पांच किलोमीटर पैदल ट्रैक के निर्माण को भी मंजूरी दे दी है। यह मार्ग 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था।
रोपवे और पैदल ट्रैक निर्माण परियोजनाओं का निर्माण केंद्र सरकार की पर्वतमाला परियोजना के तहत किया जाएगा। इस परियोजना में कुल 26 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की जाएगी।
केदारनाथ तक रोपवे बन जाने के बाद सोनप्रयाग से केदारनाथ की यात्रा आधे घंटे में पूरी हो जाएगी। बताया जा रहा है कि रोपवे की क्षमता प्रति घंटा पांच हजार यात्रियों को ले जाने की होगी।