फरवरी में जोशीमठ आएंगें राहुल गांधी, गरमाएगी राजनीति

भू-धंसाव के चलते संकट का सामना कर रहे जोशीमठ की स्थिति जानने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी फरवरी में उत्तराखंड आएंगे। प्रदेश कांग्रेस के अनुरोध पर राहुल गांधी ने फरवरी में जोशीमठ आने की हामी भर दी है। राहुल गांधी के जोशीमठ आने की खबर सामने आने के बाद सूबे की सियासत गरमाना तय है।

राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर भाजपा ने अभी से निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे  कांग्रेस का दोहरा चरित्र करार देने के साथ ही उनके दौरे को कांग्रेस की नकारात्मक रणनीति का हिस्सा बताया है।

भाजपा की बात करें तो जोशीमठ भू-धंसाव क्षेत्र का अभी तक केंद्रीय स्तर पर रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट के अलावा किसी बड़े केंद्रीय नेता ने दौरा नहीं किया है।

उधर, जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने जोशीमठ आपदा से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन किया। दिलचस्प बात तो ये है कि राहुल को जोशीमठ आने का न्योता देने वाले यही कांग्रेसी दिग्गज कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले थे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह समेत कई नेता शामिल थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को जोशीमठ के पौराणिक, धार्मिक और व्यवसायिक अस्तित्व को बचाने के कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए थे। साथ ही जोशीमठ और प्रभावितों के हित में सरकार को पूरा सहयोग देने का वादा भी किया था। अब राहुल गांधी की फरवरी में जोशीमठ यात्रा को लेकर सरकार और भाजपा दोनों असहज हैं।

प्रदेश कांग्रेस के नेता बीते रोज जम्मू पहुंचे, जहां उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा का 130वां दिन था। पार्टी ने इस दिन को जोशीमठ की आपदा को समर्पित किया। कांग्रसे प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने यात्रा के दौरान देश का ध्यान जोशीमठ में भू-धंसाव से हो रहे नुकसान की ओर आकर्षित किया। राहुल गांधी ने फरवरी में उत्तराखंड का दौरा करने और जोशीमठ प्रभावित क्षेत्र में जाकर प्रभावितों से चर्चा करने का फैसला किया है।

राहुल गांधी ने जोशीमठ के लिए कहा कि, आज की भारत जोड़ो यात्रा जोशीमठ को समर्पित है। हम सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जोशीमठ को बचाना है। हिमालयी राज्य होने के नाते हमें पर्यावरण की रक्षा भी करनी है। साथ ही हमें लोगों के हितों का भी ध्यान देना है। सरकार को चाहिए की वह जल्द पुनर्वास व क्षतिपूर्ति करे ताकि प्रभावितों की जिंदगी आगे बढ़ सके। और कोई सार्थक नीति तैयार करे। हिमालयी राज्य होने के कारण उत्तराखंड देश में विकास की दौड़ में पीछे नहीं छूटना चाहिए।

राहुल गांधी के जोशीमठ आने की मंजूरी के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में जोशीमठ आपदा को राजनैतिक रूप देने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र करार दिया है। भट्ट ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेता एक तरफ मुख्यमंत्री धामी से मिलकर आपदा पर सुझाव देते है और अगले दिन यात्रा में शामिल होकर इस मुद्दे को राजनैतिक रंग देते हैं । अपने कार्यकाल मे जारी परियोजनाओं को राजनैतिक मुनाफे के लिए अब अनियंत्रित व अनियोजित विकास बता रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का एक दिन जोशीमठ आपदा को समर्पित करना भी उनकी इसी नकारात्मक रणनीति का हिस्सा है। भट्ट ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आपदा के पहले दिन से ही प्रभावितों की मदद के बजाय उनकी भावनाओं के खेलने और भड़काने के मिशन में जुटी है

यह भी पढ़े : चारधाम यात्रा 2023:  नया बाइपास बनने में लगेगा समय, जोशीमठ से ही जाएंगे बदरीनाथ

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button