उत्तराखंड के लिए गर्व का पल : पिथौरागढ़ के बॉबी धामी बने जूनियर हॉकी टीम के उप कप्तान
खेल की दुनिया से उत्तराखंड के लिए एक गर्व करने वाली खबर आई है। पिथौरागढ़ जिले के होनहार खिलाड़ी बॉबी धामी को भारतीय जूनियर हॉकी टीम का उप कप्तान बनाया गया है। वे 22 से 29 अक्तूबर के बीच मलयेशिया में होने वाले सुल्तान ऑफ जोरो कप में बतौर उपकप्तान मैदान में उतरेंगे। इस उपलब्धि के बाद बॉबी धामी को प्रदेशभर से बधाई और शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। पिथौरागढ़ जिले के कत्यानी क्षेत्र के निवासी बॉबी धामी बेहद साधारण परिवार से आते हैं। बचपन से ही हॉकी को जुनून बनाने वाले धामी ने टनकपुर में अपने मामा के घर पर रहते हुए कोच प्रकाश सिंह से हॉकी का हुनर सीखा।
बॉबी धामी इस साल जून 2022 में स्विट्जरलैंड के लुसाने में आयोजित हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जिसमें भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले 2021 में हुए जूनियर विश्व कप में भी वे भारतीय टीम का हिस्सा थे।
बॉबी धामी ने देहरादून स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज से कक्षा छह से 11वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद जून 2017 में बॉबी साई ट्रेनिंग सेंटर सोनीपत चले गए।