उत्तराखंडचमोली

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बद्रीनाथ धाम में किए दर्शन, गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

अपने तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए। इसके बाद उनका गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है । 

President Uttarakhand Visit : अपने तीन दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचीं थीं। मंगलवार सुबह वह सबसे पहले पंतनगर विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। इसके बाद शाम को वह देहरादून पहुंचीं। आज सुबह वह बदरीनाथ धाम पहुंचीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को सुबह 10:20 बजे भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचीं। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

यहां से राष्ट्रपति काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बद्री विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की। बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की।

मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बद्रीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने बद्रीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। साथ ही कन्टीजेन्सी प्लान के तहत गौचर में भी सभी व्यवस्थाएं की गई थी।

इससे पहले सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजभवन, देहरादून में राष्ट्रपति से मुलाकात की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजभवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की और उनका देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को एक कांस्य की मूर्ति भेंट की, जिसमें बद्रीनाथ धाम का दृश्य दर्शाया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे का समापन 9 नवंबर को होगा। इस दिन वह राज्य के स्थापना दिवस के समारोह में शामिल होंगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button