दुर्घटना में घायल हुए लालचंद शर्मा की महानगर कांग्रेस में अब नहीं जरूरत, अध्यक्ष पद से किया मुक्त

सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद चार माह से अधिक समय से बेड पर रेस्ट कर रहे कांग्रेस के देहरादून महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा को पार्टी ने अब पद से मुक्त कर दिया। हालांकि, बेड पर रहने के बावजूद शर्मा बयान के जरिये जनहित के मुद्दे उठा रहे थे, लेकिन पार्टी कार्यक्रमों में वह प्रतिभाग नहीं कर पा रहे थे। हालांकि, कांग्रेस प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी ऐसे हैं, जो उत्तराखंड से बाहर बैठकर बयान जारी करते हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में कभी कभार ही शिरकत करते हैं। अब देखना ये है कि उन्हें भी पद से मुक्त किया जाता है या नहीं। अब पार्टी ने लालचंद शर्मा को मुक्त करते हुए इसके कई कारण भी गिनाए हैं।

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने इस संबंध में लालचंद शर्मा को पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि अखिल भारीतय कांग्रेस कमेटी के उदयपुर नव संकल्प अधिवेशन में लिए गए निर्णय के अनुसार उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी लंबे समय एक ही पद पर नियुक्त पदाधिकारियों के स्थान पर पार्टी के अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका देने का निर्णय किया गया है। उक्त अधिवेशन के निर्णय के अनुसार आपको (लालचंद शर्मा को) महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया जाताहै। पत्र में आगे लिखा गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी महानगर अध्यक्ष के रूप में आपकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करती है।

ऐसा पहली बार नहीं हुआ कि लालचंद शर्मा को महानगर अध्यक्ष पद से मुक्त किया गया है। इससे पहले करीब  2009 में भी उन्हें पद से मुक्त किया गया था। तब हरीश विरमानी को महानगर अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन कुछ ही माह बाद दोबारा लालचंद शर्मा को महानगर की जिम्मेदारी दी गई।  लालचंद शर्मा दुर्घटना में घायल होने के बाद से पार्टी के आयोजनों में शामिल नहीं हो पा रहे थे। हालांकि, कांग्रेस में कई पदाधिकारी ऐसे हैं, जो अभी भी सिर्फ कभी कभार पार्टी के आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। कई तो राज्य से बाहर ही उत्तराखंड की नेतागिरी को चमका रहे हैं। वहीं, कई पदाधिकारी ऐसे भी हैं, जो यूपी के समय से ही पदों में जमे हैं। अब देखना है कि उन पर पार्टी हाईकमान क्या कार्रवाई करता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देशानुसार ही संगठन में फेरबदल की कार्रवाई चल रही है।  (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

एक अगस्त को हुए थे दुर्घटना के शिकार
देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा एक अगस्त 2022 को सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। समय सुबह करीब सात बजे का था। वह नेशविला रोड स्थित अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी बीच एक महिला ने स्कूटी से उन्हें टक्कर मार दी। इस पर घायल होने के कारण उन्हें कोहली नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। उनकी घुटने की हड्डियां दो जगह से टूट गई थीं। जहां उनके आपरेशन हुए। आठ दिन तक उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया। इसके बाद छुट्टी दी गई, लेकिन चिकित्सक की सलाह पर वह बेड रेस्ट पर हैं।

कोरोनाकाल में लगातार रहे थे सक्रिय
लालचंद शर्मा कोरोनाकाल में लगातार सक्रिय रहे। जहां पहली और दूसरी लहर में लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे थे, वहीं लालचंद शर्मा ने मानवता सेवा को धर्म बनाया। चाहे कोरोना किट वितरण हो या फिर गरीब लोगों को राशन बांटना। चाहे दवा हो या फिर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था। वह घर घर जाकर लोगों की मदद करने में जुटे रहे। जरूरतमंद के एक फोन पर वह मदद को तत्पर रहे। हालांकि, आजकल भी वह घर से ही प्रेस नोट जारी कर विभिन्न राजनीतिक और समाजिक मुद्दे उठा रहे थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button