उत्तराखंड

देहरादून में 27 से 29 अक्टूबर को होगा चौथा अंतरराष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव

चौथे अंतरराष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव का आयोजन इस वर्ष डीआईटी विश्वविद्यालय में 27 से 29 अक्तूबर, 2023 में किया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का यह महोत्सव उत्तर भारत का सबसे बड़ा महोत्सव है । 

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) और डीआईटी विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से चौथे देहरादून अंतरराष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव का आयोजन 27 से 29 अक्टूबर, 2023 तक डीआईटी विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। इस महोत्सव में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 25 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के पोस्टर को आज यूकोस्ट में महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और डीआईटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जी. रघुराम ने संयुक्त रूप से जारी किया।

इस मौके पर प्रो. पंत ने बताया कि यह महोत्सव उत्तर भारत का सबसे बड़ा विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव है। इस वर्ष महोत्सव में 25 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें ग्रीन एनर्जी, कृषि और प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता और स्टार्टअप, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी आदि विषयों पर कार्यक्रम होंगे।

इसके अलावा, छात्रों के लिए विज्ञान क्विज, मैथ क्विज, साइंस पोस्टर प्रतियोगिता, मीट द साइंटिस्ट, एयरोमॉडलिंग वर्कशॉप, इलैक्ट्रानिक सर्किट डेवलेपमेंट वर्कशॉप, मैजिक ऑफ मैथ, मैजिक ऑफ ऑप्टिकल साइंस, वर्कशॉप ऑन रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, अनमैन एयरो व्हीकल (यूएवी), ग्लोबल वार्मिंग एवं क्लाइमेट चेंज, साइंस फैशन शो व आफ्टर स्कूल कन्वेंशन आदि कार्यक्रम भी होंगे।

महोत्सव के दौरान एक विशाल प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। जिसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, स्टार्टअप्स, नवाचार और प्रौद्योगिकी में कार्य कर रही कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा।

डीआईटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रघुराम ने कहा कि इस वर्ष महोत्सव का आयोजन डीआईटी विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। डीआईटी विश्वविद्यालय की पूरी टीम महोत्सव को सफल बनाने के लिए काम करेगी।

देहरादून साइंस एंड टेक्नॉलोजी फेस्टिवल के समन्वयक एवं यूकोस्ट के संयुक्त निदेशक डा. डी.पी उनियाल ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी का लोकप्रियकरण करना है। पिछले तीन वर्षों में इस तरह के आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने करने में सहायता मिली है । इस वर्ष 150 से अधिक शिक्षण संस्थानों को इस फेस्टिवल के साथ सीधा जोड़ा जाएगा।

गौरतलब है कि देहरादून साइंस एंड टेक्नॉलोजी फेस्टिवल का आयोजन प्रतिवर्ष यूकोस्ट की फ्लैगशिप में आयोजित किया जाता है जिसमें प्रमुख रूप से ओएनजीसी, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सीएसआईआर, के अलावा यूसर्क, तथा राज्य सरकार के अधीन शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े सभी विभाग की संयुक्त रूप से सहभागिता रहती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button