सीएम धामी के ‘छापे’ का असर : मरीजों के खाने पर नजर रखेगी विशेषज्ञों की टीम
देहरादून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के औचक निरीक्षण के बाद हरकत में आए दून अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के खानपान की व्यस्थाएं सुधारने को लेकर गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को पौष्टिक और साफ सुथरा भोजन सुनश्चित कराने के लिए दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है जिसमें खानपान विशेषज्ञ और डॉक्टर शामिल हैं। यह टीम अस्पताल में भर्ती मरीजों को रोजाना परोसे जाने वाले भोजन की जांच करेगी, साथ ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भी सौंपेगी।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर आशुतोष सयाना ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम की जांच में मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर खाना प्रदान करने वाली कंपनी का ठेका निरस्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते रोज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएं जांचने के साथ ही मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन को चख कर उसकी गुणवत्ता जांची थी। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए।