महिलाओं ने किया सीवरेज प्लांट का विरोध, जेसीबी पर चढ़ीं महिलाएं, गिरफ्तार
देहरादून। मंगलवार को डोईवाला में बन रहे घनी आबादी के बीच बन रहे सीवरेज प्लांट का महिलाओं ने पुरजोर विरोध किया। इस दौरान खोदाई के लिए पहुंची जेसीबी पर महिलाएं चढ़ गईं। वहीं कुछ महिलाएं जेसीबी के सामने बैठ गई। जब प्रदर्शनकारी नहीं मानें तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। नगर निगम के वार्ड 99 नकरौंदा स्थित पिंडर वैली में नगर निगम की ओर से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की बात सुनकर नगरवासियों ने मौके पर पहुंचकर सरकार व नगर निगम के विरुद्ध नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि भविष्य में घनी आबादी के बीच बन रहे सीवरेज प्लांट से कई बीमारियों से लोग ग्रसित हो सकते है।
साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट को आबादी क्षेत्र से कहीं अन्यत्र दूर स्थापित करने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने सुनवाई ना होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि विरोध जारी रहेगा।
स्थानीय निवासी राज किशोरी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के बीजेपी पार्षद ने गोपनीय तरीके से सीवरेज प्लांट को लगाने की अनुमति दी है। जोकि क्षेत्र की जनता के साथ धोखा है।