देश

भाजपा ने गोवा मंत्रिमंडल में महिला विधायकों को शामिल करने की कांग्रेस की मांग ठुकराई

पणजी, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा ने गोवा मंत्रिमंडल में महिला विधायकों को शामिल करने की कांग्रेस की मांग को खारिज कर दिया है। भाजपा ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि क्या एक परिवार को “दो कैबिनेट बर्थ” दिए जा सकते हैं।

कांग्रेस नेता गिरीश चोडनकर और विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने मांग की थी कि पार्टी महिला भाजपा विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करें, क्योंकि भगवा पार्टी ने कहा था कि वे महिला आरक्षण विधेयक पारित करके महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं।

गोवा बीजेपी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावडे से मीडिया ने उस वक्त सवाल किया, जब वह महिला आरक्षण बिल पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

वह तीनों महिला विधायकों की मौजूदगी में मीडिया से बात कर रहे थे, तनवाडे ने कांग्रेस की मांग को खारिज करते हुए कहा, ”एक परिवार में दो कैबिनेट बर्थ नहीं दी जा सकती।

क्या आप एक परिवार में दो कैबिनेट बर्थ दे सकते हैं? आरक्षण के बाद हमें अनिवार्य रूप से (महिलाओं को कैबिनेट बर्थ) देनी होगी। केंद्र में दस महिला मंत्री हैं। सब कुछ सही समय पर होगाा, चिंता करने की कोई बात नहीं है।”

तनावडे ने महिला विधायकों की प्रशंसा करते हुए कहा, “सभी महिला विधायक सक्षम हैं। वे कोई भी मंत्रालय संभाल सकती हैं। वे स्वयं निर्णय (प्रशासनिक या नीतिगत) लेने में सक्षम हैं। जेनिफर मोनसेरेट पिछली बार मंत्री थीं। उन्होंने अच्छा काम किया है, लेकिन सब कुछ सही समय पर होगा।”

विधायक देविया राणे ने प्रेस को बताया कि वह पहली बार विधायक बनी हैं और उन्हें कई चीजें सीखने की जरूरत है।

उन्‍हाेंने कहा, ”मुझे सीखने दो, मैं अभी-अभी विधायक बनी हूं, हमें धीरे-धीरे आगे बढ़ना है। हम अगले स्तर तक नहीं पहुंच सकते। वर्तमान मंत्रियों के पास बहुत अनुभव है। मैं सीख रही हूं। प्रत्येक विधानसभा सत्र एक सीखने का सत्र होता है। मैं अपने सीनियर्स से सीख रही हूं।”

गोवा विधानसभा में बीजेपी के तीन दम्पति विधायक हैं। जिनमें स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे और उनकी पत्नी देविया राणे, राजस्व मंत्री अतानासियो मोनसेरेट और उनकी पत्नी जेनिफर मोनसेरेट, माइकल लोबो और उनकी पत्नी डेलिलाह लोबो शामिल हैं।

–आईएएनएस

एमकेएस

Show More

Related Articles

Back to top button